उत्तराखंड में मौसम लेगा करवट, अगले चार दिन ऐसा रहेगा मौसम, जानें

देहरादूनः उत्तराखंड में दून समेत कई मैदानी इलाकों में हल्के कोहरे से दिन की शुरुआत हुई। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। बताया जा रहा है कि 5 जनवरी से 7 जनवरी तक राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। आइए जानते है कहा कैसा रहेगा मौसम

इन जिलों में होगी बर्फबारी

मौसम विभाग के अनुसार 5 जनवरी से 7 जनवरी तक उत्तराखंड के 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी जिलों में बर्फबारी होगी। उत्तरकाशी जिले में कुछ जगहों पर बर्फबारी होगी। इसके साथ ही चमोली, रुद्रप्रयाग, देहरादून, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के कुछ हिस्सों में बर्फबारी होगी। वहीं, तीन जनवरी से आठ जनवरी तक देहरादून में मौसम साफ रहेगा। छह जनवरी को थोड़ा बादल हो सकते हैं। इस दौरान सप्ताह भर न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

इन जिलों में शीतलहर का प्रकोप

इधर उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों में नए साल के पहले दिन से ही कड़ाके की ठंड और शीत लहरों में लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया है। शीत लहरों के साथ सर्द हवाएं चल रही हैं। इस ठिठुरन वाली सर्दी से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों में पैक होने के साथ ही अलाव का सहारा ले रहे हैं। रामनगर और कालाढूंगी जैसे मैदानी क्षेत्रों के साथ ही पहाड़ी इलाकों में भी शीत लहर का प्रकोप देखा जा रहा है।

कोहरे के चलते वाहनों की रफ्तार में कमी

ठंड के साथ कोहरे का असर भी दिख रहा है। कोहरे के चलते वाहनों की रफ्तार में कमी आई है। रामनगर और उसके आसपास के तापमान में भी काफी गिरावट आ गयी है। रामनगर का न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

Related posts