देहरादूनः उत्तराखंड के नगर निकाय चुनाव में भाजपा के ट्रिपल इंजन ज्यादातर नगर निगमों के मेयर पदों पर सरपट दौड़ा। प्रदेश में 100 नगर निकायों में हुए चुनाव के बाद मतगणना सम्पन्न हो गई हैं। शनिवार 25 जनवरी को सुबह आठ बजे से काउंटिंग शुरू हुई जो आज दोपहर तक पूरी हुई। इस दौरान हरिद्वार,ऋषिकेश समेत कई जगहों पर छुटपुट घटनाएं भी हुई। प्रदेश में 11 नगर निगमों में से 10 सीटों पर भाजपा ने कब्जा जमाया जबकि श्रीनगर सीट पर निर्दलीय ने चुनाव जीता है।
देहरादून में भाजपा मेयर प्रत्याशी सौरभ थपलियाल 1,05,095 वोटों से जीते।सौरभ थपलियाल को 241778 वोट मिले, जबकि दूसरे नंबर पर रहे वीरेंद्र सिंह पोखरियाल को 136483 वोट मिले। खास बात यह है कि इसके अलावा चुनाव लड़ने वाले बाकी सभी आठ प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई।
हल्द्वानी कुमाऊं के सबसे बड़े नगर निगम सीट मेयर पद पर भाजपा के गजराज सिंह बिष्ट ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के ललित जोशी को शिकस्त देते हुए जीत दर्ज की है। गजराज ने 3894 वोट से जीत दर्ज की। गजराज सिंह बिष्ट को 71962 वोट और ललित जोशी को 68068 वोट मिले।
रुद्रपुर मेयर पद पर बीजेपी प्रत्याशी विकास शर्मा ने जीत दर्ज की। बीजेपी मेयर प्रत्याशी विकास शर्मा ने करीब 12 हजार वोट से अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी मोहन लाला खेड़ा को पराजित किया।
रुड़की नगर निगम के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी अनीता अग्रवाल की 2851 वोट से हुई प्रचंड जीत दर्ज की। दूसरे नंबर पर रही निर्दलीय प्रत्याशी श्रेष्ठा राणा रही। कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही।
ऋषिकेश नगर निगम चुनाव में मेयर पद पर भारतीय जनता पार्टी के शंभू पासवान ने 3100 मतों से जीत हासिल की। ऋषिकेश नगर निकाय चुनाव को लेकर आईडीपीएल में चल रही मतगणना के दौरान देर रात तक जमकर बवाल भी हुआ। मतगणना स्थल पर कुछ लोगों ने पथराव किया। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को तितर बितर करने के लिए लाठियां भांजी। घटना के बाद पुलिस कप्तान और डीएम भी मौके पर पहुंचे और स्थिति संभाली।
श्रीनगर के मेयर पद पर निर्दलीय प्रत्याशी आरती भंडारी ने 1,639 से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की। आरती भंडारी को कुल 7,959 वोट मिले। जबकि भाजपा की आशा उपाध्याय को 6,320 मत प्राप्त हुए।
कोटद्वार में भारतीय जनता पार्टी के मेयर पद के प्रत्याशी शैलेन्द्र सिंह रावत ने 14231 मतों से जीत दर्ज की है।
हरिद्वार से भाजपा की किरण जैसल मेयर चुनी गई हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस की अमरेश देवी बालियान को 23 हजार से ज्यादा मतों से हराया।
काशीपुर नगर निगम चुनाव में मेयर पद पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दीपक वाली ने कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी संदीप सहगल को 4947 मतों से शिकस्त दी।
पिथौरागढ़ नगर निगम में मेयर पद पर भाजपा की कल्पना देवलाल 17 मतों से चुनाव जीती। निर्दलीय प्रत्याशी मोनिका मेहर को कल्पना ने 17 वोटों से हराया। कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही।
अल्मोड़ा नगर निगम के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अजय वर्मा 2479 वोटों से चुनाव जीते। उन्हें 8788 वोट मिले। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी भैरव गोस्वामी को 6309 मत मिले।